गणित के माध्यम से आत्मविश्वास विकसित होता है.
बिहार दिवस के अवसर पर शिक्षा विभाग द्वारा गांधी मैदान स्थित पंडाल में गणित एवं विज्ञान से संबंधित विभिन्न गतिविधियों और मैथ्स ओलंपियाड, क्विज प्रतियोगिता एवं पॉपुलर लेक्चर—का सफल आयोजन किया गया. कार्यक्रम कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए द इंडियन मैथमेटिक्स एंड साइंस एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित किया गया.
शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कार्यक्रम स्थल का अवलोकन करते हुए कहा कि बिहार में प्रतिभा के समुचित विकास हेतु इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन अत्यंत आवश्यक है. पॉपुलर लेक्चर में अभयानंद, पूर्व पुलिस महानिदेशक एवं प्रख्यात शिक्षाविद, ने विद्यार्थियों को गणित के माध्यम से सीखने एवं जीवन में आगे बढ़ने के अवसरों के प्रति जागरूक किया. उन्होंने गणित को केवल एक विषय नहीं, बल्कि तार्किक सोच एवं समस्या-समाधान की एक प्रभावी कला के रूप में प्रस्तुत किया.
द इंडियन मैथमेटिक्स एंड साइंस एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं नालंदा खुला विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति के सी सिंहा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को गणित एवं विज्ञान के अध्ययन के माध्यम से आत्मविश्वास विकसित करने तथा निरंतर परिश्रम करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया. ओलंपियाड एवं क्विज प्रतियोगिता हेतु जिला स्तर से चयनित कुल 304 छात्र-छात्राओं को आमंत्रित किया गया, जिनमें 152 छात्र एवं 152 छात्राएं सम्मिलित थीं. सभी प्रतिभागियों ने अत्यंत उत्साह एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ भाग लिया.
कार्यक्रम का संचालन द इंडियन मैथमेटिक्स एंड साइंस एसोसिएशन के सचिव डॉ. विजय कुमार द्वारा सुव्यवस्थित एवं प्रभावशाली ढंग से किया गया. 23 एवं 24 मार्च को भी प्रतियोगिता परीक्षा एवं पॉपुलर लेक्चर का आयोजन जारी रहेगा.
प्रभाकर कुमार.



