मद्रास दिवस
तमिलनाडु की वर्तमान राजधानी चेन्नई (जिसे ऐतिहासिक रूप से मद्रास कहा जाता था) का स्थापना दिवस 22 अगस्त को मनाया जाता है. यह दिन आधुनिक चेन्नई (पूर्व में मद्रास) शहर की स्थापना की का जश्न नहीं बल्कि, इस शहर की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत, वास्तुकला, कला, परंपरा और इसके आधुनिक स्वरूप के प्रति नागरिकों के प्रेम और सम्मान की अभिव्यक्ति है.
सत्रहवीं शताब्दी में ईस्ट इंडिया कंपनी ने कोरोमंडल तट पर अपने व्यापार को मजबूत करने के लिए उपयुक्त स्थान की तलाश में कंपनी के अधिकारी फ्रांसिस डे ने मद्रासपट्टनम क्षेत्र को व्यापार की दृष्टि से उपयोगी पाया. विजयनगर साम्राज्य के स्थानीय नायकों (दामरला वेंकटद्रि नायक) से कोरोमंडल तट पर मद्रासपट्टनम या चिन्नपट्टनम नामक एक छोटी सी पट्टी (जमीन का टुकड़ा) खरीदी थी. इसी जमीन पर आगे चलकर सेंट जॉर्ज फोर्ट का निर्माण हुआ, जो भारत में अंग्रेजों के शुरुआती प्रमुख प्रशासनिक केंद्रों में से एक बना. ज्ञात है कि, आधुनिक मद्रास शहर की नींव 22 अगस्त 1639 को रखी गई थी.
मद्रास के विकास में फोर्ट सेंट जॉर्ज की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही. कंपनी द्वारा प्राप्त भूमि पर किले और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के निर्माण ने एक ऐसे शहरी केंद्र की नींव रखी, जिसके आसपास धीरे-धीरे विभिन्न बस्तियाँ विकसित होती गईं. बाद में आसपास के गाँवों और नगर-क्षेत्रों के जुड़ने से मद्रास एक बड़े शहर का रूप लेने लगा. समय के साथ शहर का नाम ‘मद्रास’ से ‘चेन्नई’ हो गया. वर्ष 1996 में आधिकारिक रूप से नाम चेन्नई किया गया.
बताते चलें कि, वर्ष 2004 में चेन्नई के इतिहासकार एस. मुथैया और पत्रकारों सशी नायर तथा विन्सेंट डी’सूजा के अथक प्रयासों के बाद मद्रास दिवस की शुरुआत हुई. इस दिवस का मुख्य उद्देश्य केवल किसी ऐतिहासिक तारीख को याद करना नहीं था, बल्कि लोगों को अपने शहर के इतिहास और विरासत से जोड़ना था. चेन्नई में प्राचीन मंदिरों और धार्मिक परंपराओं से लेकर औपनिवेशिक स्थापत्य, समुद्री व्यापार, दक्षिण भारतीय संगीत, भरतनाट्यम, तमिल साहित्य, सिनेमा, आधुनिक उद्योग, शिक्षा और सूचना-प्रौद्योगिकी तक अनेक धाराएँ एक साथ दिखाई देती हैं. मद्रास दिवस इन विविध परंपराओं को एक साझा शहरी पहचान से जोड़ने का अवसर देता है.
मद्रास (चेन्नई) दक्षिण भारत का एक ऐसा सांस्कृतिक और बौद्धिक केंद्र रहा है जिसने देश को राजनीति, न्यायपालिका, शिक्षा, विज्ञान, सिनेमा और शास्त्रीय कला के क्षेत्र में अनगिनत दिग्गज दिए हैं. यह इस बात का भी प्रतीक है कि कैसे एक औपनिवेशिक व्यापारिक चौकी से विकसित होकर यह शहर आज भारत के सबसे गतिशील और आधुनिक महानगरों में से एक बन गया है.
========== ========= ===========
Madras Day

The foundation day of Chennai (historically known as Madras), the current capital of Tamil Nadu, is celebrated on August 22nd. This day is not just a celebration of the founding of the modern city of Chennai (formerly Madras), but rather an expression of the citizens’ love and respect for the city’s rich historical heritage, architecture, art, tradition, and its modern form.
In the seventeenth century, while the East India Company was searching for a suitable location to strengthen its trade on the Coromandel Coast, Company official Francis Day found the Madrasapatnam region to be a commercially viable area. He purchased a small strip of land called Madrasapatnam or Chinnapatnam on the Coromandel Coast from the local Nayaks (Damara Venkatadri Nayaks) of the Vijayanagara Empire. This land later housed Fort St. George, which became one of the earliest major administrative centers of the British in India. It is known that the foundation stone of modern Madras was laid on August 22nd, 1639.
Fort St. George played a crucial role in the development of Madras. The construction of the fort and trading establishments on the land acquired by the Company laid the foundation for an urban core, around which various settlements gradually grew. Later, with the incorporation of surrounding villages and townships, Madras began to grow into a large city. Over time, the city’s name changed from “Madras” to “Chennai.” The name was officially adopted in 1996.
In 2004, Madras Day was established following the tireless efforts of Chennai historian S. Muthiah and journalists Sashi Nair and Vincent D’Souza. The primary purpose of this day was not merely to commemorate a historical date, but to connect people with the history and heritage of their city. Chennai is a blend of diverse cultures, from ancient temples and religious traditions to colonial architecture, maritime trade, South Indian music, Bharatanatyam, Tamil literature, cinema, modern industry, education, and information technology. Madras Day provides an opportunity to connect these diverse traditions with a common urban identity.
Madras (Chennai) has been a cultural and intellectual center of South India, producing countless luminaries in the fields of politics, judiciary, education, science, cinema, and classical arts. It also symbolizes how the city evolved from a colonial trading post to become one of India’s most dynamic and modern metropolises.



