Video
Trending

अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य-2026.

कार्तिक का पावन और पवित्र महीना चल रहा है. इस महीने के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि की संध्या बेला को नदी, तालाब या जलाशयों में परिवार के साथ डूबते हुए सूर्य यानी अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दी जाती है. उसके दूसरे दिन कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष सप्तमी को उगते हुए सूर्य यानी उदयचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है. यह एक ऐसी परंपरा है जिसका निर्वहन कठिन नियमों, उपवास और पूर्ण पवित्रता के साथ किया जाता है.

संधि काल के समय में भारतवर्ष के पूरब में बसा पौराणिक राज्य बिहार में एक विशेष पर्व का आयोजन घर-घर में हो रहा है. वैसे तो इस पर्व की चर्चा पौराणिक ग्रंथों में भी की गई है. सनातन धर्म के प्रत्यक्ष देवता भगवान् अच्युत, रवि, तेजोरूप, हिरण्यगर्भ्, दीप्तमूर्ती, भानु, विश्वरूप की पूजा व आराधना की जा रही है. ज्योतिष और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से देखें तो दोनों के अपने-अपने तर्क हैं. लेकिन, सूर्य जो ग्रहों का राजा है उसकी आराधना संधि काल के समय में ही होती है.

चार दिवसीय महापर्व छठ के तीसरे दिन कार्तिक शुक्ल पक्ष षष्ठी के दिन में प्रसाद बनाया जाता है. प्रसाद के रूप में ठेकुआ, जिसे कुछ भागों में “टिकरी” के अलावा चावल के लड्डू, जिसे लड़ुआ भी कहा जाता है. शाम को पूरी तैयारी और व्यवस्था कर बाँस की टोकरी में अर्घ्य का सूप सजाया जाता है और व्रती के साथ परिवार तथा पड़ोस के सारे लोग अस्ताचलगामी सूर्य को जल और दूध का अर्घ्य के साथ छठी मैया की प्रसाद भरे सूप से पूजा की जाती है.

वैसे तो सूर्य का उदय और अस्त होना प्रकृति का शाश्वत प्रक्रिया है जो निरंतर चलती रहती है. ठीक उसी तरह मानव का जीवन भी है जहाँ जीवन की कई अवस्थाएं ( बचपन, युवावस्था, प्रौढ़ावस्था और वृद्धावस्था) भी चलती रहती है. अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देना एक सत्य को स्वीकार करने जैसा है कि, जीवन में कोई भी अवस्था स्थायी नहीं है. उदाहरण –  ना सुख, ना दुःख, ना सत्ता, ना संपत्ति, ना यश और ना पराजय ही स्थाई होती है. ठीक उसी तरह सूर्य का अस्त होना और अगले दिन उसके पुनः उदय होने की संभावना ही इसको जीवित रखता है.

वैसे तो मानव अपनी इच्छाओं और आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता है. वही, डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा में केवल मांगने का भाव नहीं, बल्कि धन्यवाद देने का भी भाव होता है. यह भाव आस्था, समर्पण और जीवन-दर्शन का अनुपम प्रतीक माना जाता है.

संकलन:-              ज्ञानसागरटाइम्स टीम.

Video Link: –     https://youtu.be/QOa5rvu8lW4

:

Related Articles

Back to top button